गढ़वा। संघ लोक सेवा आयोग भारत सरकार का एक संवैधानिक निकाय है, जो देश की सिविल सेवाओं के लिए भर्ती परीक्षाओं का संचालन करता है, इ...
गढ़वा। संघ लोक सेवा आयोग भारत सरकार का एक संवैधानिक निकाय है, जो देश की सिविल सेवाओं के लिए भर्ती परीक्षाओं का संचालन करता है, इस परीक्षा को पास करने वाले उम्मीदवारों को देश के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का मौका मिलता है. गौरवतलाब है कि यूपीएससी उत्तीर्ण छाया कुमारी, सोमवार को विद्यालय प्रबंधन के विशेष आमंत्रण पर विद्यालय के प्रार्थना सभा में उपस्थित हुई। विद्यालय के संस्कृति के अनुरूप विद्यालय की छात्राओं के द्वारा तिलक, पुष्प वर्षा एवं स्वागत गान से विद्यार्थियों के द्वारा उनका स्वागत किया गया। उनके देश के सर्वोच्च प्रतियोगिता परीक्षा में विशिष्ट उपलब्धि को लेकर विद्यालय परिवार के द्वारा सम्मानित किया गया।मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने पुष्पगुच्छ,विद्यालय- स्मृति चिन्ह एवं अन्य उपहार प्रदान कर गढ़वा जिला के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर रही बिटिया को सम्मानित किया। मौके पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों के बीच अभिप्रेरणात्मक अभिभाषण के माध्यम से छाया ने कहा कि मार्ग में कठिनाइयां एवं असफलताएं तो आती ही हैं ,लेकिन विषम परिस्थितियों में उन परिस्थितियों से भी जूझने के लिए प्रयत्नशील रहें। उन्होंने सफलता के मूल मंत्र के रूप में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आप सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो जीवन में तीन चीजों को आत्मसात करें - समर्पण, कठिन परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प। उन्होंने बच्चों के दृढ़ इच्छा शक्ति को मजबूती प्रदान करने के लिए कहा कि मैं चार असफलताओं से जूझने के बाद पांचवी बार में सफलता प्राप्त की हूं, लेकिन अब यह मुझे पांचवी सफलता से कम नहीं महसूस होता। इस संदर्भ में उन्होंने प्रार्थना सभा में उपस्थित बच्चों के बीच मशहूर हिंदी कवि शिवमंगल सिंह सुमन की रचना को भी दोहराया" क्या हार में क्या जीत में किंचित नहीं भयभीत मैं, संघर्ष पथ पर जो मिले यह भी सही वह भी सही। यूपीएससी उत्तीर्ण छाया कुमारी के सम्मान समारोह कार्यक्रम के अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य अमित कुमार तिवारी ने कहा कि छाया की उपलब्धि गढ़वा जिला के साथ-साथ पूरे भारतवर्ष के लिए एक विशिष्ट उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि छाया की उपलब्धि में विशिष्ट योगदान देने वाले पिता एवं परिवार के सभी सदस्यों को विद्यालय परिवार की तरफ से अपना आभार व्यक्त करता हूं। छाया की उपलब्धि से हम जिलेवासी तो काफी गर्व महसूस कर ही रहे हैं, साथ ही साथ इतनी बड़ी उपलब्धि महिला सशक्तिकरण के रूप में भी इस छोटे से जिले के विद्यार्थियों के लिए मिसाल है , जो उन्हें अपने सपने को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।विदित हो कि छाया कुमारी की सम्पूर्ण शिक्षा -दीक्षा गढ़वा जिले में ही संपन्न हुई है। इस अवसर पर छाया कुमारी से मिलकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
टिप्पणियाँ